ताजासमाचार

निर्दोष कर्मचारियों पर FIR का आरोप, विद्युत कंपनी संयुक्त मोर्चा ने कलेक्टर–एसपी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

डेस्क न्यूज 17 December, 2025 अन्य

नीमच। म.प्र. विद्युत कंपनी अधिकारी–कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, नीमच ने निर्दोष कर्मचारियों पर दर्ज की गई FIR को निरस्त कराने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 18 नवंबर 2025 को ग्राम आंत्री में हुई विद्युत दुर्घटना के संबंध में तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
संयुक्त मोर्चा ने बताया कि 18 नवंबर 2025 को ग्राम आंत्री में ई-स्पैन कंपनी द्वारा परमिट टू वर्क का पालन किए बिना एलटी केबल बदलने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे एक विद्युत दुर्घटना घटित हुई। उस समय 33/11 केवी उपकेंद्र आंत्री पर कार्यरत परीक्षण सहायक विक्रम कछावा एवं कुशल श्रमिक अर्जुन व अमरूलाल मेघवाल (बाह्य स्रोत—ऑल सर्विसेस ग्लोबल प्रा.लि.) सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बी-शिफ्ट में ड्यूटी पर थे।
मोर्चा का कहना है कि इसके बावजूद मनासा थाना द्वारा उक्त दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध FIR दर्ज की गई, जो तथ्यों के विपरीत एवं एकतरफा प्रतीत होती है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि 33/11 केवी उपकेंद्र आंत्री से ई-स्पैन कंपनी को किसी भी प्रकार का परमिट जारी नहीं किया गया था। साथ ही दुर्घटना स्थल से संबंधित 11 केवी आंत्री सिंचाई फीडर बंद अवस्था में था और आइसोलेटर भी कटा हुआ था। फीडर पर विद्युत आपूर्ति चालू नहीं थी, जिसकी पुष्टि स्मार्ट मीटर के एमडीएम पोर्टल से प्राप्त रिपोर्ट से होती है, जिसकी छायाप्रति ज्ञापन के साथ संलग्न की गई है।
संयुक्त मोर्चा ने यह भी आपत्ति जताई कि कार्यपालन यंत्री (संचालन/संरक्षण) म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, मनासा तथा कार्यपालन यंत्री (विद्युत सुरक्षा) म.प्र. शासन की रिपोर्ट प्राप्त किए बिना ही FIR दर्ज कर ली गई। मोर्चा ने इसे कर्मचारियों के साथ अन्याय बताते हुए निष्पक्ष जांच कराकर निर्दोष कर्मचारियों के विरुद्ध दर्ज FIR को निरस्त करने की मांग की है।

Related Post