डेस्क न्यूज
13 December, 2025
अन्य
मंदसौर। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्यामलाल धाकड़ हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाला सच सामने आने के बाद अब गांव से लेकर जिले तक आक्रोश फूट पड़ा है। इस जघन्य हत्या में खुद पिता दौलतराम धाकड़ के मास्टरमाइंड होने के खुलासे ने लोगों को हिला कर रख दिया है। अब नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के हिंगोरिया बड़ा गांव में ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा है—
“जिस बाप ने बेटे की हत्या करवाई, उसका मकान गांव में खड़ा रहने का हक नहीं रखता।”
पंचायत भवन ग्राउंड में जुटा जनसैलाब
शुक्रवार को हिंगोरिया बड़ा पंचायत भवन ग्राउंड में गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। ग्रामीणों की मुख्य मांग है— हत्याकांड के आरोपियों का सार्वजनिक जुलूस निकाला जाए और बेटे की हत्या की साजिश रचने वाले पिता दौलतराम धाकड़ का मकान ध्वस्त किया जाए
जब बाप ही बना बेटे का कातिल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि संपत्ति जाने और सामाजिक बदनामी के डर से दौलतराम धाकड़ ने ही अपने बेटे श्यामलाल की हत्या की साजिश रची। उसने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई। रात में सोते समय कुल्हाड़ी और चाकू से श्यामलाल को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।
ये हैं हत्याकांड के आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी—दौलतराम धाकड़ — पिता [ हत्या का मास्टरमाइंड ], गोपाल धाकड़, रंगलाल बाछड़ा, सुमित बाछड़ा, अटलु बाछड़ा
ग्रामीणों का कहना है— जब एक पिता ही बेटे का हत्यारा बन जाए, तो उसे समाज में रहने का अधिकार नहीं। ऐसे व्यक्ति का मकान टूटे, तभी समाज को सही संदेश जाएगा।
प्रशासन अलर्ट, पुलिस तैनात
ग्रामीणों के भारी जमावड़े और बढ़ते आक्रोश को देखते हुए नाहरगढ़ थाना पुलिस अलर्ट मोड पर है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।