ताजासमाचार

रामपुरा की चचोर पंचायत में भू-आवास ड्रोन सर्वे में बड़ा घोटाला! ग्रामीणों ने कलेक्टर से की निष्पक्ष जांच की मांग

न्यूज डेस्क 04 November, 2025 अन्य

नीमच। जिले की तहसील रामपुरा के ग्राम पंचायत चचोर में भू-आवास योजना के तहत हुए ड्रोन सर्वे में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शासन की मंशा के विपरीत पात्र परिवारों को लाभ देने के बजाय सर्वे में भ्रष्टाचार किया गया। बताया गया कि कई खाली पड़ी शासकीय भूमि और खेतों पर फर्जी पट्टे जारी कर दिए गए, जबकि सौ वर्षों से ग्राम में निवासरत वास्तविक परिवारों को वंचित कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार यह सर्वे गिरदावर अनुराग पाटीदार की देखरेख में किया गया, जिन पर आरोप है कि उनके निर्देश पर लाखों की सरकारी भूमि पर फर्जी नाम दर्ज कर पट्टे तैयार किए गए। वहीं जिन भूखंडों पर पट्टे जारी हुए, वे आज भी खाली पड़े हैं और वहां फसलें बोई जा रही हैं।
गांधीसागर डूब क्षेत्र से विस्थापित परिवारों को भी अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है।
ग्रामीणों ने गिरदावर अनुराग पाटीदार को पद से हटाकर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, आईजी उज्जैन, कलेक्टर नीमच, एसडीएम मनासा और तहसीलदार रामपुरा को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे ड्रोन सर्वे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दी जाए और वास्तविक पात्र परिवारों को उनका हक दिलाया जाए।

Related Post