डेस्क न्यूज़
15 October, 2025
अन्य
नीमच। देश सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को साकार करते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने एक सराहनीय पहल की। बुधवार को सीआरपीएफ आरटीसी नीमच में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में दिवंगत कांस्टेबल निर्मल बगोरिया के परिजनों को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।
यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे सीआरपीएफ आरटीसी मुख्यालय में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता डीआईजी ब्रिगेडियर अनमोल सूद ने की। इस अवसर पर एसबीआई क्षेत्रीय प्रबंधक दीपेंद्र रघुवंशी, मंदसौर मुख्य प्रबंधक शिखर बाफना, शाखा प्रबंधक राहुल गुप्ता सहित बैंक और बल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बीमा राशि का चेक गंगाबाई बगोरिया, पुत्र धीरज और लोकेश बगोरिया को प्रदान किया गया। यह भुगतान CAPSP सैलरी पैकेज के अंतर्गत आकस्मिक दुर्घटना मृत्यु बीमा के तहत किया गया है। इसके अतिरिक्त 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस (GTL) क्लेम भी शहीद के परिजनों को दिया गया।
एसबीआई सदैव परिवारों के साथ
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक दीपेंद्र रघुवंशी ने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया देश की सेवा में लगे जवानों और उनके परिवारों के साथ सदैव खड़ा है। हम यह सुनिश्चित करते हैं कि बीमा दावों का निपटारा समय पर हो और परिजनों को कोई कठिनाई न हो।
उन्होंने बताया कि एसबीआई द्वारा अपने वेतन खाता धारकों को विभिन्न बीमा सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जाती हैं, जो संकट की घड़ी में बहुत सहायक सिद्ध होती हैं।
जवान की बहादुरी को किया नमन
कार्यक्रम में आशा अनमोल सूद, सीईओ छोटन ठाकुर, श्रीमती मितुल ठाकुर, अतिरिक्त कमांडेंट अजहर मोहम्मद, कुलदीप सारण, विजेंद्र कुमार, केके आचार्य, रामलाल मेघवाल, एएसआई शांतिस, जिलसी अगस्टिन, ध्वज जीडी महिला दीप्ति टंडेल सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि कांस्टेबल निर्मल बगोरिया ने 26 वर्षों तक सीआरपीएफ में उल्लेखनीय सेवाएं दी थीं। वे श्रीनगर, त्रिपुरा, नागपुर, अजमेर, मणिपुर और नीमच में तैनात रहे। 31 मई को रेवली-देवली के समीप एक सड़क दुर्घटना में उनका दुखद निधन हो गया था।
दूसरे जवान के परिवार को भी सहायता
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक राहुल गुप्ता ने जानकारी दी कि दिवंगत वीरेंद्र चौहान के निधन पर भी एसबीआई वेतन खाता बीमा योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये की बीमा राशि उनके परिजनों को प्रदान की गई है।