ताजासमाचार

पेंटाथलॉन चैंपियनशिप में नीमच के तैराकों का जलवा, सिद्धांत और यशवी ने झटका ब्रॉन्ज मेडल!

डेस्क न्यूज़ 07 October, 2025 अन्य

नीमच | इंदौर में चल रही 14वीं मॉडर्न पेंटाथलॉन (ट्रायथले/बायथले) नेशनल चैंपियनशिप के दूसरे दिन नीमच के होनहार तैराकों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हुनर उम्र का मोहताज नहीं होता।

नीमच स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने जहां पहले दिन धमाकेदार एंट्री ली थी, वहीं दूसरे दिन भी दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपना परचम लहराया।

मेंटर प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी ने जानकारी दी कि नीमच के खिलाड़ी नेशनल स्तर पर लगातार चमत्कारी प्रदर्शन कर रहे हैं।

सिद्धांत और यशवी ने जीते ब्रॉन्ज

6 अक्टूबर को हुए बायथले इवेंट में जूनियर वर्ग से खेलते हुए सिद्धांत सिंह गोपाल सिंह जादोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

वहीं, नीमच की 7 वर्षीय नन्ही खिलाड़ी यशवी नितेश शर्मा ने अंडर-09 ट्रायथले इवेंट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया।

 टीम, कोच और परिजनों की मेहनत लाई रंग

दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से ना सिर्फ उनके परिवार और कोच, बल्कि पूरे नीमच शहर में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है।

टीम की सफलता के पीछे कोचेस आयुष गौड़, नीलेश घावरी, समीर सिंह जादोन, सुधा सोलंकी, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर और शुभम स्वर्णकार की मेहनत और रणनीति अहम रही।

अब नज़र 7 अक्टूबर के इवेंट पर

अभी चैंपियनशिप का एक और अहम दिन बाकी है — 7 अक्टूबर को होने वाले मुकाबलों में भी नीमच के खिलाड़ियों से पदक की उम्मीदें और अधिक बढ़ गई हैं।

Related Post