डेस्क न्यूज़
04 October, 2025
अन्य
नीमच | भारत सरकार की प्रमुख शिक्षा पहल निपुण भारत अभियान के अंतर्गत नीमच जिले में राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश और मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के नेतृत्व में कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों के भाषा एवं संख्या ज्ञान के वार्षिक आकलन हेतु तीन दिवसीय सर्वेक्षण कार्य सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
इस महत्त्वपूर्ण शैक्षणिक सर्वे में जिले की 53 शालाओं के 1645 विद्यार्थियों को शामिल किया गया। सर्वेक्षण का संचालन 720 फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स द्वारा किया गया, जिनमें डाइट नीमच के प्रशिक्षु विद्यार्थी, जिले के मास्टर ट्रेनर और जन शिक्षक शामिल रहे।
इससे पहले सभी फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स को भोपाल से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा डाइट नीमच में दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें उन्हें सर्वेक्षण पद्धति, मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग और टूलकिट संचालन की जानकारी दी गई।
प्रत्येक छात्र के साथ एक विशेष टूलकिट साझा की गई, जिस पर शिक्षण-सीखने के प्रतिफलों का मूल्यांकन किया गया। सर्वेक्षण के दौरान एफ.आई. द्वारा प्राप्त उत्तर मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से दर्ज कर भोपाल स्थित सेंट्रल सर्वर पर तुरंत सुरक्षित किए गए, जिससे डेटा की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हुई।
सर्वे के लिए जावद विकासखंड के 19, मनासा के 17 एवं नीमच विकासखंड के 17 विद्यालयों का राज्य स्तर पर रैंडम चयन किया गया था।
इस सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण से जिले में गत वर्ष के निपुण लक्षणों की प्राप्ति का मूल्यांकन संभव होगा, साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए "निपुण नीमच" कार्यक्रम में आवश्यक सुधार एवं रणनीतियाँ तैयार की जा सकेंगी।
राज्य शिक्षा केंद्र और जिला प्रशासन का यह समन्वित प्रयास जिले के शैक्षणिक कमजोर क्षेत्रों और सीखने के कठिन बिंदुओं की पहचान कर उन्हें दूर करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
इस पहल का एकमेव उद्देश्य यही है कि नीमच जिले का हर बच्चा भाषा और गणित में दक्ष बने और निपुण भारत के उद्देश्यों की प्राप्ति सुनिश्चित हो सके।
इस अभियान को सफल बनाने में डाइट नीमच के मार्गदर्शन, सभी मास्टर ट्रेनर्स, जन शिक्षकों, एवं फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स की सराहनीय भूमिका रही। यह जानकारी अंबिका प्रसाद जोशी द्वारा दी गई, जिन्होंने इस सर्वेक्षण की प्रक्रिया, क्रियान्वयन और उद्देश्यों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।