ताजासमाचार

नीमच जिले की बेटी शिवानी नागदा बनेगी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, जिले की पहली महिला अफसर बनने का गौरव प्राप्त

डेस्क न्यूज़ 21 September, 2025 अन्य

नीमच। नीमच जिले की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। बिसलवास खुर्द गांव की 18 वर्षीय शिवानी नागदा ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की परीक्षा और उसके बाद हुए SSB इंटरव्यू में सफलता प्राप्त कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का गौरव प्राप्त किया है। शिवानी नागदा नीमच जिले की पहली महिला होंगी, जिन्हें यह सम्मान प्राप्त हो रहा है। तीन वर्षों की कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वह सेना में अधिकारी के रूप में सेवा देंगी।
शिवानी, अशोक कुमार नागदा की सुपुत्री हैं, जो भाजपा उत्तर मण्डल के महामंत्री हैं। उनकी माता ममता नागदा, और दादा उमाशंकर नागदा का परिवार लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। शिवानी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीकर (राजस्थान) से प्राप्त की और पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हमेशा अव्वल रहीं। उनके परिवार के अनुसार वे बचपन से ही अनुशासित, समर्पित और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रही हैं।
शिवानी ने न केवल NDA जैसी कठिन प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त की, बल्कि उन्होंने पहले ही प्रयास में यह मुकाम हासिल कर यह सिद्ध किया कि समर्पण और लक्ष्य के प्रति अटल निष्ठा से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। इससे पहले उन्होंने देश की एक और प्रतिष्ठित परीक्षा IIT-JEE में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 9050 प्राप्त की थी, लेकिन उन्होंने सेना में सेवा को प्राथमिकता दी और NDA की राह चुनी।
शिवानी के भाई सोहन नागदा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवानी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और खेलों में सक्रिय रही हैं। उनका यह चयन निश्चित रूप से क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगा और उन्हें भी आगे बढ़ने का रास्ता दिखाएगा। शिवानी की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार, गांव और जिले में हर्ष का माहौल है। क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों द्वारा बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
शिवानी नागदा की यह ऐतिहासिक सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गौरव की बात है, बल्कि पूरे नीमच जिले के लिए एक प्रेरणादायक उपलब्धि है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों की बेटियों को भी ऊंचे लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने का हौसला देगी।

Related Post