ताजासमाचार

गोतस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग,गो सेवक संगठनों ने सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज 24 June, 2025 अन्य

नीमच। मंदसौर और नीमच जिले में लगातार सामने आ रहे गोतस्करी के मामलों को लेकर मंगलवार को नीमच जिला कलेक्टर कार्यालय में राष्ट्रीय गौरक्षा दल, गौशाला उत्थान संगठन, गऊ सेवा दल, राष्ट्रीय हिंदू सेना और सर्व हिंदू समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में हाल ही में मंदसौर जिले के पिपलिया में पकड़े गए 81 गौवंश से भरे कंटेनर का उल्लेख करते हुए बताया गया कि गौवंशों को अमानवीय तरीके से डबल पार्टीशन में भूखा-प्यासा और बांधकर कत्लखाने ले जाया जा रहा था। इसी तरह एक माह पूर्व नीमच के नयागांव में भी गौवंश से भरा वाहन पकड़ा गया था। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इन मामलों में एक ही विशेष समुदाय के लोग बार-बार लिप्त पाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य क्षेत्र में अशांति फैलाना हो सकता है। साथ ही मुल्तानपुरा (मंदसौर) के गौतस्करों के हरियाणा में पकड़े जाने का भी जिक्र किया गया है। गौरक्षक संगठनों ने गोतस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग करते हुए कहा की गो तस्करों की सम्पत्ति जब्त की जाए, रासुका के तहत कार्रवाई हो और इनके अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाए। इसके अलावा, तस्करों के अन्य राज्यों से संबंधों की जांच हेतु SIT गठन की भी मांग की गई। ज्ञापन में गोतस्करी की सजा को 10 वर्ष करने और जब्त गौवंशों के एक वर्ष के भरण-पोषण की राशि आरोपियों से वसूले जाने का भी प्रस्ताव रखा गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न गौरक्षा संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Post