ताजासमाचार

जहरीले जीव के काटने से 5 साल के मासूम की मौत: इलाज में देरी पड़ी भारी, झाड़-फूंक के भरोसे गंवाई जान

डेस्क न्यूज़ 04 May, 2026 अन्य

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के अरनिया चंदेल गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 5 वर्षीय मासूम बालक की जहरीले जीव के काटने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवीण पिता दुर्गालाल नायक, निवासी पिपलिया मंडी (मंदसौर), पिछले कुछ दिनों से अपने ननिहाल अरनिया चंदेल में रह रहा था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे वह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी किसी अज्ञात जहरीले जीव ने उसे काट लिया।

घटना के बाद परिजन घबराहट में बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए एक धार्मिक स्थल (देवरे) पर ले गए। इस दौरान काफी समय व्यर्थ हो गया, जिससे जहर तेजी से उसके शरीर में फैलता गया और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

जब बालक की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई, तब परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार यदि समय पर उचित इलाज मिल जाता, तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हालांकि, परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और सोमवार दोपहर को ही बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने पैतृक गांव पिपलिया मंडी ले गए।

यह घटना एक बार फिर समय पर चिकित्सा उपचार के महत्व को रेखांकित करती है।

Related Post