ताजासमाचार

भादवा माता मेले में महा अष्टमी से पहले प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया व्यापक जायजा, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

डेस्क न्यूज़ 25 March, 2026 अन्य

नीमच। जिले के सुप्रसिद्ध आस्था केंद्र भादवा माताजी में चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। महा अष्टमी पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बुधवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने मेला परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी के लिए बनाए गए कॉरिडोर, दर्शन व्यवस्था, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया। अस्थायी पुलिस चौकी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला परिसर की निगरानी व्यवस्था को भी परखा गया, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

कलेक्टर और एसपी ने सावन रोड पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का अवलोकन करते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही नीमच से भादवामाता और जवासा चौराहे तक मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा प्वाइंट स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एन.एस. सिसोदिया, एसडीएम संजीव साहू, सीएसपी किरण चौहान सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे। मंदिर प्रबंधन समिति भी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

मंदिर प्रबंधक अजय एरन के अनुसार, महा अष्टमी पर 26 मार्च को रात्रि 10:30 बजे हवन प्रारंभ होगा, जिसकी पूर्णाहुति अगले दिन सुबह 4 बजे होगी। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में भादवामाता की बावड़ी का पवित्र जल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्रि मेले में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन द्वारा की जा रही सुदृढ़ व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Related Post