ताजासमाचार

लीड कॉलेज प्राचार्य ने किया स्वयंसेवकों का स्वागत, राज्य स्तरीय शिविर में बढ़ाया नीमच का मान

न्यूज डेस्क 18 March, 2026 अन्य

नीमच | मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का 23वां राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर 8 से 14 मार्च तक चित्रकूट (जिला सतना) स्थित दीनदयाल शोध संस्थान के उद्यमिता परिसर में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। इस शिविर का आयोजन अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा के निर्देशन में किया गया, जिसका शुभारंभ प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया।

सात दिवसीय इस शिविर में प्रदेश के सात विश्वविद्यालयों से करीब 600 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। नीमच जिले का प्रतिनिधित्व पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के स्वयंसेवक उमेद पंवार और दिव्यांशी धाकड़ ने किया, जिन्होंने सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन की ओर से हिस्सा लेकर जिले का गौरव बढ़ाया।

शिविर के दौरान बौद्धिक, सांस्कृतिक और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। उमेद पंवार को एक बौद्धिक सत्र की अध्यक्षता का अवसर मिला, वहीं दिव्यांशी धाकड़ ने सांस्कृतिक संध्या में मंच संचालन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नेतृत्व, समय प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण कौशल सीखे।

शिविर के समापन के बाद जब दोनों स्वयंसेवक नीमच लौटे, तो महाविद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा और कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राकेश कस्वां सहित समस्त स्टाफ ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Post