ताजासमाचार

चारा-भूसा के अवैध निर्यात पर प्रशासन की कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

डेस्क न्यूज 16 March, 2026 अन्य

नीमच। जिले में पशु चारा, भूसा और पशु आहार की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने जिले के बाहर इसके निर्यात पर प्रतिबंध लगाया है। हिमांशु चंद्रा, जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में प्रीति संघवी, एसडीएम के निर्देशन में जावद तहसील के तहसीलदार नवीन गर्ग द्वारा कार्रवाई करते हुए मैलान खेड़ा से राजस्थान के बडोली घाटा की ओर पशु चारा ले जाते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया।

जांच में पाया गया कि पशु चारा बिना अनुमति जिले के बाहर ले जाया जा रहा था। इस पर प्रशासन द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर अवैध रूप से पशु चारे के निर्यात के मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है।

तहसीलदार नवीन गर्ग ने बताया कि नयागांव टोल नाके से जब्त किए गए पशु चारे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस चौकी नयागांव की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले से बाहर पशु चारा ले जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post