ताजासमाचार

खाटू श्याम यात्रा के बीच नीमच में रहस्यमयी मौत: कमल चौक पर गिरे 50 वर्षीय यात्री की सांसें थमीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बहन पर मारपीट के लगाए आरोप

न्यूज डेस्क 12 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर के व्यस्त टैगोर मार्ग स्थित कमल चौक पर बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दिल्ली से खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे एक 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मृतक के साथ मौजूद महिला द्वारा मारपीट किए जाने का दावा किया है, जिससे मामले ने और भी रहस्यमय मोड़ ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी राजीव (50) पिता एस.के. राव अपनी बहन अलका राव के साथ कार से यात्रा कर रहे थे। दोनों खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे और रास्ते में नीमच के कमल चौक स्थित नगर पालिका के सार्वजनिक शौचालय परिसर के पास कुछ देर के लिए रुके थे।
इसी दौरान अचानक राजीव की तबीयत बिगड़ गई और वे सड़क किनारे गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना से पहले मृतक और उसके साथ मौजूद महिला के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी और महिला लगातार उसे मारती-पीटती दिखाई दे रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की भी कोशिश की, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि जब राजीव की सांसें चल रही थीं, तब एम्बुलेंस बुलाने की बात कही गई, लेकिन महिला ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने से मना कर दिया। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राजीव को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं पुलिस का कहना है कि मृतक के साथ मौजूद महिला उसकी सगी बहन अलका राव है। थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के अनुसार प्रारंभिक जांच में मारपीट के कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक राजीव लंबे समय से दिल की बीमारी से पीड़ित था और शारीरिक रूप से भी कमजोर बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला अपने भाई को संभालकर कार में बैठाने और अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रही थी।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

बताया जा रहा है कि मृतक की बहन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया है और परिजन शव को निजी एंबुलेंस में दिल्ली लेकर रवाना हो गए। वहीं कमल चौक जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना के बाद इलाके में देर तक लोगों की भीड़ और चर्चा का माहौल बना रहा।

Related Post