डेस्क न्यूज़
28 February, 2026
अन्य
नीमच। नीमच से निंबाहेड़ा के बीच सफर कर रही एक महिला के साथ लाखों रुपये की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंदसौर जिले के झारड़ा गोपालपुरा निवासी अनीता पति भरत उर्फ बबलू बंजारा गंगरार के जीना खेड़ा में आयोजित गंगा भोज में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान उनके बैग से करीब 35 तोला सोने के जेवरात और 2 हजार रुपये नकद चोरी हो गए।
पीड़िता ने शनिवार को नीमच पुलिस के एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई। महिला ने बस के स्टाफ और एक निजी जीप चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला के अनुसार वह पालसोडा से बस में बैठकर नीमच बस स्टैंड पहुंचीं। यहां उन्होंने फोन पर अपने परिचितों से बैग में रखे जेवरात को लेकर चर्चा की थी। आशंका जताई जा रही है कि यह बातचीत बस कंडक्टर और आसपास मौजूद लोगों ने सुन ली थी।
नीमच बस स्टैंड पर बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उन्हें एक निजी जीप में बैठा दिया, जिसमें पहले से 4-5 संदिग्ध लोग मौजूद थे। महिला का आरोप है कि जीप में बैठे लोगों ने चालाकी से अपना पैर उनके बैग पर रख दिया, जिससे वह बैग को हिला न सकें। रास्ते में जीप चालक ने न तो अन्य सवारियां बैठाईं और न ही किसी से किराया लिया, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
निंबाहेड़ा बस स्टैंड पहुंचते ही चालक महिला को उतारकर तेजी से फरार हो गया। जब महिला ने बैग की जांच की तो उसमें रखा 35 तोला सोना और नकदी गायब थी।
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत राजस्थान के निंबाहेड़ा थाने में भी दर्ज कराई है और मांग की है कि बस स्टाफ व जीप चालक को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जाए ताकि उनके कीमती जेवरात बरामद हो सकें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।