ताजासमाचार

आंसुओं का छलावा टूटा: पत्नी रुकसाना निकली भय्यू लाला की कातिल, SIT ने खोला हत्याकांड का राज पुलिस पर लगाए हत्या के आरोप, मगर सच निकला खौफनाक 

डेस्क न्यूज 26 February, 2026 अन्य

मंदसौर। सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजनी में हुए भय्यू लाला उर्फ वाहिद हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है। घटना के बाद पति की मौत पर रो-रोकर पुलिस पर आरोप लगाने वाली पत्नी ही हत्या की मुख्य साजिशकर्ता निकली। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी पत्नी फरार है।

घटना का पूरा घटनाक्रम

दिनांक 18 फरवरी 2026 को सूचनाकर्ता याकूब पिता बाबर खान, निवासी ग्राम सुरजनी ने पुलिस को सूचना दी थी कि
वाहीद उर्फ भय्यू लाला पिता बाबर खान, उम्र 42 वर्ष, निवासी सुरजनी पुलिस के डर से पलंग पेटी में छिपा था, जहां दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय मंदसौर में डॉक्टरों के पैनल से कराया गया तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मौत दम घुटने से नहीं बल्कि गोली लगने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 103(1) एवं 238(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

SIT जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ के पर्यवेक्षण में SIT टीम गठित की गई।

जांच टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक की पत्नी रुकसाना पति वाहीद उर्फ भय्यू लाला, निवासी सुरजनी ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

साथ ही सहयोगी आरोपियों ने घटना के बाद साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर वारदात को छिपाने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्टल बरामद कर ली है।

गिरफ्तार आरोपी

सलमान खान पिता जमाल खान पठान, निवासी सुवासरा, हाल मुकाम सुरजनी, बबलू खान पिता अब्दुल गनी पठान, निवासी ग्राम सुरजनी

फरार आरोपी
रुकसाना पति वाहीद उर्फ भय्यू लाला, निवासी ग्राम सुरजनी

जप्त सामग्री

वारदात में प्रयुक्त अवैध फायरआर्म (पिस्टल)

इलाके में सनसनी, पुलिस की दबिश जारी

पत्नी द्वारा ही पति की हत्या किए जाने के खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Related Post