ताजासमाचार

अतिक्रमण कार्रवाई के बाद बेघर हुए 25 परिवार, जनसुनवाई में पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

डेस्क न्यूज 24 February, 2026 अन्य

नीमच। मनासा नगर की कमला नेहरू कॉलोनी के पीछे वर्षों से रह रहे झुग्गी-झोपड़ी वासियों ने जिला स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचकर प्रशासन के समक्ष अपनी व्यथा रखी। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद बेघर हुए करीब 25 से अधिक परिवारों ने पट्टा प्रदान करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार हाल ही में नगर परिषद द्वारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसमें झुग्गियों को हटाया गया। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे लंबे समय से यहां निवास कर रहे थे और कुछ लोगों के नाम पट्टे स्वीकृत भी हुए थे, इसके बावजूद उन्हें स्थायी अधिकार नहीं दिए गए।

वार्ड क्रमांक 13 की निवासी गीतादेवी पत्नी नंदलाल बंजारा ने आवेदन में उल्लेख किया कि वर्ष 2006 में उन्हें झुग्गी का पट्टा स्वीकृत हुआ था, जो वर्ष 2023 में प्रभावी भी हो गया, लेकिन अब तक उन्हें अधिकृत दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए। उनका आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के झोपड़ी हटाए जाने से वे गहरे सदमे में आ गईं और वर्तमान में गंभीर बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल पट्टा उपलब्ध कराने और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

इसी प्रकार विनोद पिता गुड्डालाल बलाई ने बताया कि वे पिछले 15-16 वर्षों से परिवार सहित झुग्गी में रह रहे थे। 19 फरवरी 2026 को उनकी झोपड़ी तोड़े जाने के बाद वे खुले में रहने को मजबूर हैं। स्वयं को भूमिहीन बताते हुए उन्होंने स्थायी आवास की व्यवस्था करने की अपील की है।

प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।

Related Post