ताजासमाचार

नीमच में जीव दया का अनुपम संदेश: श्री नवकार सेवा संस्थान ने पक्षियों को 75 किलो मक्का और जलचरों को आटे की गोलियां खिलाईं

डेस्क न्यूज़ 23 February, 2026 अन्य

नीमच | सेवा और संवेदनशीलता के क्षेत्र में अग्रणी श्री नवकार सेवा संस्थान ने जीव दया के उद्देश्य से एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल की। संस्थान द्वारा शिव घाट एवं हनुमान मंदिर परिसर में पक्षियों के भोजन हेतु 75 किलो मक्का डाली गई, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों पक्षियों को लाभ मिला। साथ ही शिव घाट के जल में रहने वाले जलचर प्राणियों के लिए आटे की गोलियां डालकर उनके प्रति करुणा और संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ 27 नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से हुआ, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। तत्पश्चात जीव दया सेवा प्रकल्प के अंतर्गत पक्षियों और जलचरों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। संस्थान का मुख्य उद्देश्य जीवों के प्रति दया भाव को जन-जन तक पहुंचाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर सेवा के साथ सामाजिक समरसता का सुंदर संगम भी देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर फाग उत्सव की खुशियां साझा कीं, जिससे वातावरण उल्लास और भाईचारे से भर गया। सेवा और उत्सव का यह अनूठा संयोजन उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणादायी रहा।

कार्यक्रम के उपरांत एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी सेवा परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए भविष्य में सेवा गतिविधियों को और अधिक व्यापक रूप देने का संकल्प लिया गया। अंत में सभी ने स्वल्पाहार का आनंद लिया।

इस अवसर पर संस्था की शिमला फाफरिया, कृष्णा चेलावत, प्रीति छिन्गावत, रेखा गांधी, कला वीरवाल, चंदा कोठारी, सुशीला भामावत, मंजू बोहरा, अनिता जैन, सविता डूंगरवाल, सरिता लसोड, टीना सेहलोत, राजकुमारी चंडालिया, चंदन बाला छिन्गावत, मनीषा कांठेड़, सीटू नागौरी, मंजु खिंदावत, प्रियंका मोगरा, ज्योति कछारा, नमिता कोठारी, सह कोषाध्यक्ष सुलभा दुग्गड, सहसचिव मीना दक, कोषाध्यक्ष अंजू जैन, अध्यक्ष माया वीरवाल एवं नीमच शाखा की संस्थापक अध्यक्ष कल्पना मोगरा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में आभार सहसचिव मीना दक ने व्यक्त किया।

Related Post