ताजासमाचार

ट्रेन की चपेट में आई गाय, गऊ सेवा दल की तत्परता से बची जान

डेस्क न्यूज 21 January, 2026 अन्य

नीमच। बुधवार सुबह तड़के शिवघाट के आगे रेलवे लाइन पर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी द्वारा गौ सेवक मितेश अहीर को जानकारी दी गई। सूचना प्राप्त होते ही गऊ सेवा दल की टीम बिना समय गंवाए गौ एम्बुलेंस के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रेस्क्यू कार्य शुरू किया।

मौके पर पहुंची गौ सेवकों की टीम ने सबसे पहले घायल गाय को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद भारी मशक्कत करते हुए दो रेलवे पटरियों के बीच फंसी गाय को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए गाय को साइड में लाया गया और फिर सावधानीपूर्वक गौ एम्बुलेंस में चढ़ाकर उपचार शाला पहुंचाया गया, जहां उसका निरंतर उपचार जारी है।

गौ सेवकों के अनुसार गाय के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन समय पर मिली सहायता और त्वरित उपचार के कारण उसकी जान बचाई जा सकी। इस सराहनीय और मानवीय सेवा कार्य में गौ सेवक मितेश अहीर के साथ पार्थ जोशी, अंचल माली, राहुल रालोत, लक्ष्मी नारायण ठाकुर एवं मौके पर मौजूद अन्य राहगीरों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

गऊ सेवा दल द्वारा की गई तत्परता, समर्पण और संवेदनशीलता की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। 

Related Post