ताजासमाचार

हत्या या हादसा ? संदिग्ध हालातों में युवक का मिला शव, झाड़ियों में पड़ा था दीपक मेघवाल- कोट, चाकू और टूटा कांच बरामद, पुलिस जांच में जुटी

डेस्क न्यूज 20 November, 2025 अन्य

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सावन गांव के 35 वर्षीय युवक दीपक उर्फ पप्पू मेघवाल का शव सड़क किनारे झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटनास्थल का मंजर देखकर परिजन दहल गए।
जानकारी के अनुसार, दीपक पिता गोर्धनलाल मेघवाल बुधवार रात करीब 9 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह बाजार से सामान लेकर आएगा, लेकिन वह रातभर घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे उसके भतीजे को गौशाला के पास सड़क किनारे दीपक का कोट दिखाई दिया। शक के चलते परिजनों ने आसपास तलाश की तो झाड़ियों में दीपक का शव पड़ा मिला।

घटनास्थल से चाकू और टूटे शीशे मिले
मौके से थोड़ी दूरी पर एक अज्ञात वाहन का टूटा हुआ कांच तथा एक चाकू भी मिला है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने दोनों वस्तुओं को जब्त कर एफएसएल टीम के साथ मौके की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला हादसा, हत्या या किसी और घटना—किस दिशा में है, इस पर पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर पुलिस अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका जता रही है, जबकि परिजन इसे साफ तौर पर हत्या बता रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post