ताजासमाचार

नीमच मेडिकल कॉलेज में मनाया जा रहा 'सीपीआर सप्ताह', जीवन रक्षक तकनीकों का दिया जा रहा प्रशिक्षण

डेस्क न्यूज़ 13 October, 2025 अन्य

नीमच | नीमच मेडिकल कॉलेज में 13 से 17 अक्टूबर तक "सीपीआर सप्ताह" (CPR Week) का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों और इंटर्न डॉक्टरों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) जैसी महत्वपूर्ण जीवन रक्षक तकनीकों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आपातकालीन स्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया देने हेतु प्रशिक्षित करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत 13 अक्टूबर को ऑनलाइन शपथ (Pledge) के साथ हुई, जिसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW), दिल्ली के प्रतिनिधियों ने ज़ूम मीटिंग के माध्यम से भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. आदित्य (डीन), डॉ. हेमंदर (प्रभारी – एनेस्थीसिया विभाग) और डॉ. कुनाल चौहान (सहायक प्रोफेसर – एनेस्थिसियोलॉजी) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सीपीआर सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। 16 अक्टूबर को 'हैंड्स-ऑन सीपीआर ट्रेनिंग सेशन' होगा, जिसमें प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थिति में सीपीआर देने की तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सत्र का उद्देश्य प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे संकट के समय में जीवन रक्षक सहायता दे सकें।
सीपीआर प्रशिक्षण के साथ-साथ एक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिससे प्रतिभागियों की समझ, जागरूकता और सीखने की तत्परता का मूल्यांकन किया जा सके।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह है कि हर आम नागरिक, हृदयगति रुकने जैसी आपात स्थितियों में समय रहते CPR देकर किसी की जान बचाने में सक्षम हो। यह पहल न केवल मेडिकल छात्रों के लिए बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकती है।

Related Post