डेस्क न्यूज़
09 September, 2025
अन्य
मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 12 सितंबर को प्रस्तावित मल्हारगढ़ एवं गांधीसागर भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को कलेक्टर अदिति गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने शासकीय महाविद्यालय मल्हारगढ़ और गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने हेलीपैड स्थल, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मंच, आमसभा स्थल और सुरक्षा प्रबंधन का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पर्याप्त पेयजल व्यवस्था करने और नगर निकाय व स्वच्छता विभाग को साफ-सफाई एवं चलित शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा की दृष्टि से एसडीईआरएफ टीम और गोताखोर दल की तैनाती का निर्णय लिया गया है ताकि जल क्षेत्र में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही, अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी स्पष्ट रूप से लगाकर समय पर उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बघेल, राजेश दीक्षित सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।