ताजासमाचार

कक्षाओं की कमी से जूझ रहा सांदीपनि स्कूल: 200 से ज्यादा बच्चों को नहीं मिल रहा प्रवेश, पढ़ाई भी प्रभावित

डेस्क न्यूज़ 04 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर के केंट क्षेत्र स्थित सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इन दिनों कक्षाओं की भारी कमी से जूझ रहा है। हालात ऐसे हैं कि इच्छुक नए विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिल पा रहा है, वहीं वर्तमान विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इस स्थिति का सबसे अधिक असर निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पर पड़ रहा है, जो बेहतर शिक्षा के लिए इस विद्यालय में प्रवेश लेना चाहते हैं।
विद्यालय वर्ष 2022-23 से राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सीएम राइज (वर्तमान में सांदीपनि) योजना के तहत संचालित हो रहा है, जहां कक्षा 1 से 12 तक की शिक्षा दी जा रही है। वर्तमान में यहां 800 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार विद्यालय में कुल 57 कक्षों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 24 कक्ष ही उपलब्ध हैं, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था पर गंभीर दबाव बना हुआ है।
कक्षों की कमी के चलते विद्यालय प्रबंधन को प्रयोगशाला, पुस्तकालय और यहां तक कि कॉरिडोर में भी अस्थायी रूप से कक्षाएं संचालित करनी पड़ रही हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है और प्रयोगशाला व पुस्तकालय जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का समुचित उपयोग भी नहीं हो पा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कक्षा 6 से 10 तक की अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं बंद करनी पड़ी हैं। इसके अलावा केजी-1 और केजी-2 की कक्षाएं भी शुरू नहीं हो सकी हैं। वहीं हायर सेकेंडरी स्तर पर नए विषय शुरू करने की योजना भी कक्षों के अभाव में अटकी हुई है।
विद्यालय में बेहतर परिणाम और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के चलते अभिभावकों में इस स्कूल को लेकर खास आकर्षण है। वर्तमान सत्र में 200 से अधिक प्रवेश आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, लेकिन जगह की कमी के कारण नए विद्यार्थियों को प्रवेश देना संभव नहीं हो पा रहा है।
ऐसे में विद्यालय में कम से कम 6 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है, ताकि नए विद्यार्थियों को अवसर मिल सके और वर्तमान विद्यार्थियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलें। इस दिशा में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार और नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा से पहल की अपेक्षा की जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नगरपालिका में उपलब्ध शिक्षा उपकर की राशि का उपयोग कर अस्थायी कक्ष निर्माण किया जा सकता है। चूंकि नए भवन के निर्माण में समय लगेगा, ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था करना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो और उन्हें समय पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

Related Post