महेंद्र सिंह राठौड़
03 May, 2026
अन्य
सिंगोली | सिंगोली के महावीर मांगलिक भवन, पाण्डे जी की बावड़ी में रविवार सुबह अर्हम ध्यान योग शिविर का भव्य आयोजन हुआ। सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में परम पूज्य मुनि श्री 108 प्रणम्य सागर जी महाराज ससंघ का सानिध्य मिला, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
सुबह 5:30 से 7:30 बजे तक चले इस दो घंटे के योग सत्र में मुनि श्री ने अर्हम योग के माध्यम से निरोगी जीवन के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि “योग केवल शरीर का व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। नियमित अर्हम ध्यान से तनाव, अनिद्रा और कई गंभीर रोगों से राहत मिल सकती है।” उन्होंने बताया कि लगातार 40 दिनों तक प्रतिदिन 20 मिनट अर्हम ध्यान करने से मानसिक शांति, एकाग्रता और ऊर्जा में अद्भुत वृद्धि होती है।
शिविर में मधुमेह, रक्तचाप और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सभी प्रतिभागियों को ‘अर्हम योग’ लिखी सफेद टी-शर्ट का वितरण रहा। एक जैसे ड्रेस कोड में नजर आए सैकड़ों लोग एकता और समरसता की अनूठी मिसाल बनते दिखाई दिए।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में सहयोग देने वाले पत्रकारों का सम्मान भी किया गया। योग सत्र के बाद सभी प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
इस शिविर में बोराव, झांतला, थड़ोद, धनगांव, कदवासा, धारड़ी, डाबी, लांबाखोह, बिजौलिया, रतनगढ़, डीकेन, नीमच, जावद, बेगूं और रावतभाटा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भागीदारी निभाई।
सकल दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य चिंनमय जैन और नयन जैन शास्त्री ने किया, जबकि अंत में समाज अध्यक्ष भरत जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।
पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां आध्यात्म, स्वास्थ्य और समाज एक साथ जुड़े नजर आए।