डेस्क न्यूज़
25 March, 2026
अन्य
नीमच | नीमच क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित नीमच–बांसवाड़ा–दाहोद–नंदुरबार रेल लाइन को लेकर एक बार फिर जनप्रतिनिधियों की भूमिका चर्चा में है। पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के फाइनल सर्वे में जीरन नगर पंचायत की स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई है।
डॉ. जाजू ने सांसद सुधीर गुप्ता और विधायक दिलीप परिहार से अपेक्षा जताई है कि वे सार्वजनिक रूप से बताएं कि फाइनल सर्वे में जीरन को क्या स्थान मिला है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस विषय में वैसी ही पहल की गई है जैसी चित्तौड़गढ़ के सांसद सी.पी. जोशी द्वारा रेल मंत्री को पत्र लिखकर प्रतापगढ़ के लिए की गई थी।
उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई ठोस प्रयास किया गया है तो उसे जनता के सामने रखा जाए, और यदि नहीं किया गया है तो जल्द से जल्द रेल मंत्री से संपर्क कर जीरन की स्थिति को मजबूती से प्रस्तुत किया जाए।
स्थानीय लोगों की भी इस परियोजना से काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं, खासकर जीरन जैसे नगरों के लिए यह रेल लाइन विकास के नए द्वार खोल सकती है। ऐसे में अब नजरें जनप्रतिनिधियों के अगले कदम पर टिकी हैं।