ताजासमाचार

श्रीनर्मदेश्वर-अचलेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति और फागुन रंगों की छटा, सनातन एकता का दिखा अद्भुत संगम

डेस्क न्यूज 18 February, 2026 अन्य

मनासा । सनातन भक्ति और आध्यात्मिक एकता का अद्भुत संगम मंगलवार को एक बार फिर देखने को मिला, जब सनातन सत्संग मंडल के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के विद्वान एवं युवा रामराष्ट्र आराधक संत श्री चेतनराम जी (उदयपुर) की प्रेरणा से आयोजित सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ का 74वां क्रम श्रीनर्मदेश्वर-श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में संपन्न हुआ। सत्संग की विशेषता यह रही कि यहां आने वाला हर भक्त पूरे समय स्वयं को ईश्वर आराधना में समर्पित रखता है—न कोई जाति, न कोई भेदभाव, केवल सनातन भाव से एकाकार होने का अद्भुत दृश्य।

इस पावन आयोजन के लाभार्थी मालपानी परिवार रहे। कैलाश मालपानी, अशोक मालपानी, दिलीप मालपानी, सत्यनारायण मालपानी, राजेश मालपानी एवं योगेश मालपानी ने श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया और सत्संग का शुभारंभ किया। पिछले 74 पाठों से निरंतर जारी इस आध्यात्मिक क्रम में हर मंगलवार नगर के विभिन्न देवालयों में भारी संख्या में सनातन परिवार एकत्रित हो रहे हैं।

महाशिवरात्रि की अगली रात्रि और फागुन मास की होली की उमंग भी सत्संग में झलकती रही। भजन गायक राजकुमार मारु ने “कैलाश के निवासी नमो बार-बार हो” भजन से भोलेनाथ की स्तुति की। देवीलाल कुमावत ने “फागुन आयो रे सांवलिया” प्रस्तुत कर होली का उल्लास जगाया। अरुण झंवर ने श्रीहनुमान जी की भावपूर्ण झांकी का वर्णन किया तो गोपाल राठौर ने शिवजी संग होली के रंगों का चित्रण किया। विजय उपाध्याय ने “एक दिन वो भोले भंडारी बनकर सुंदर नारी” भजन से शिव लीला का बखान किया। कमल विजयवर्गीय ने होली की मस्ती भरे भजन से सभी को नृत्य करने पर विवश कर दिया, वहीं ओम सोनी ने “जिन पर कृपा राम रे, वो पत्थर भी तिर जाते हैं” भजन से श्रद्धा और विश्वास की भावना प्रकट की।

मंदिर में विराजित श्रीनर्मदेश्वर महादेव और श्री अचलेश्वर महादेव का मनोहारी श्रृंगार श्री राम मंदिर अयोध्या में विराजित श्रीराम लला तथा हनुमान गढ़ी के श्रीहनुमान जी के स्वरूप में किया गया। इस आकर्षक श्रृंगार के लिए कुमारी नंदनी टीकाकार का मालपानी परिवार द्वारा सम्मान किया गया।

अंत में सनातन सत्संग मंडल ने भव्य आयोजन के लिए लाभार्थी मालपानी परिवार एवं समस्त सनातन परिवार का आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 75वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ 24 फरवरी, मंगलवार को प्रातः 8 बजे से श्रीखाटूश्याम मंदिर, सिल्वर सिटी में आयोजित होने की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया गया।

Related Post