डेस्क न्यूज
15 February, 2026
अन्य
नीमच। शहर के जेतपुरा क्षेत्र में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर मौत बनकर सड़क पर दौड़ा और कुछ ही पलों में बड़ा हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर अचानक रॉन्ग साइड में घुसा, डिवाइडर पर चढ़ा और अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया और आसपास के लोग दहल उठे।
हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे केबिन से बाहर निकाला गया और तुरंत जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। घायल ट्रक चालक रमेश गुर्जर है जो राजस्थान के टोंक जिले का रहना वाला है |
मौके पर एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया और सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और यातायात को सुचारु कराने के निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच में जुटी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने की जताई जा रही है। आंशिक रूप से बाधित मार्ग को क्लीयर कर यातायात बहाल कर दिया गया है, लेकिन हादसे की तस्वीरें लोगों को अब भी झकझोर रही हैं।