डेस्क न्यूज
04 December, 2025
अन्य
जावरा। प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के विरुद्ध चल रहे निरंतर अभियान के तहत P & I सेल जावरा ने एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। मंगलवार, 02 दिसंबर 2025 को मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक युवक को 2.107 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया।
सूचना मिलने पर दोपहर में ही P & I सेल जावरा की विशेष टीम गठित कर संदिग्ध मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई। टीम को पता चला था कि चित्तौड़गढ़ जिले की बेगूं तहसील के ग्राम अनोपपुरा का निवासी एक व्यक्ति आसपास के गांवों से करीब 2 से 2.5 किलो अफीम एक तस्कर तक पहुँचाने वाला है।
इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संदिग्ध रूप से कटूंडा मोड़ की ओर आती दिखाई दी। सतर्क अधिकारियों ने मौके पर वाहन को रोका और युवक को दबोच लिया। तलाशी में उसके बैग से दो पारदर्शी पॉलिथीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 2.107 किलोग्राम अफीम पाई गई।
मौके पर ही सभी कानूनी प्रक्रियाएँ पूरी कर अफीम व मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
P & I सेल के अनुसार, यह भी जांच की जा रही है कि युवक यह नशीला माल किस तस्कर को सप्लाई करने जा रहा था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।