डेस्क न्यूज़
09 September, 2025
अन्य
नीमच। जिले के ग्राम चैनपुरा (अमावली जागीर) में वर्षों से चली आ रही आवागमन की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा गया।ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बीचो-बीच एक बड़ा नाला निकलता है, जो बरसात के दिनों में विकराल रूप ले लेता है। वर्तमान में नाले में करीब तीन से चार फीट तक पानी भरा हुआ है। नाला लगभग 55 से 60 फीट चौड़ा है और बारिश के दिनों में यह चौड़ाई और भी बढ़ जाती है। इस कारण गांव दो हिस्सों में बंट जाता है तथा ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नाले के दूसरी ओर लगभग 50 से 60 परिवार निवासरत हैं। इसी हिस्से में चैनपुरा की गौशाला भी स्थित है। गौशाला के गोवंश भी नाले को पार कर जंगल की ओर चरने जाते हैं, जहां पानी भर जाने से गंभीर खतरा बना रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी इस नाले से गुजरना मजबूरी बन जाता है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन द्वारा शीघ्र ही स्थल निरीक्षण कर इस नाले पर पुल या बड़े पाइप डलवाकर स्थायी समाधान निकाला जाए।