ताजासमाचार

गर्ल्स काॅलेज में एनसीसी भर्ती संपन्न - अनुशासन और नेतृत्व की और बढ़ाया कदम

डेस्क न्यूज़ 04 August, 2025 अन्य

नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच में आज सत्र 2025-26 की एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) भर्ती का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रथम वर्ष की छात्राओं ने भाग लेकर अनुशासन और नेतृत्व की दिशा में अपना पहला कदम बढ़ाया।भर्ती प्रक्रिया के तहत छात्राओं की शारीरिक दक्षता का मूल्यांकन किया गया, जिसमें रनिंग, पुश-अप्स, ऊंचाई मापन तथा अन्य गतिविधियाँ शामिल थीं। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों की मानसिक योग्यता का परीक्षण करने के लिए लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई। इन दोनों स्तरों पर प्रदर्शन के आधार पर छात्राओं का एनसीसी में चयन किया जाएगा।भर्ती प्रक्रिया का सफल संचालन 5 एम.पी. बटालियन, मंदसौर की टीम द्वारा किया गया, जिसमें सी.एच.एम. सुखचैन सिंह, सूबेदार जयराम बड़क और हवलदार विकास मोरे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। पूरी भर्ती प्रक्रिया महाविद्यालय की एनसीसी प्रभारी डॉ.हिना हरित एवं प्रोफेसर हीरसिंह राजपूत की देखरेख में सुचारू रूप से संपन्न हुई।एनसीसी में चयनित छात्राओं को भविष्य में विभिन्न सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कैम्पों, सामाजिक सेवा गतिविधियों एवं राष्ट्र सेवा से जुड़े आयोजनों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यह प्रशिक्षण न केवल छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करेगा, बल्कि उन्हें देशभक्ति एवं नागरिक दायित्वों के प्रति सजग भी बनाएगा।महाविद्यालय प्रबंधन ने इस सफल आयोजन के लिए समस्त छात्राओं, स्टाफ एवं एनसीसी इकाई का आभार व्यक्त किया और चयनित कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।यह भर्ती नारी शक्ति के सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण में युवतियों की सहभागिता को और अधिक प्रबल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई है।

Related Post