डेस्क न्यूज़
23 May, 2026
अन्य
नीमच। जिले में छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा के निर्देश पर शनिवार को पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता और विद्यार्थियों की समस्याओं का जायजा लिया गया।
कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में गठित समिति में जिला शिक्षा अधिकारी एस.एस. मांगरिया, जिला संयोजक अनुसूचित जाति कल्याण राकेश राठौर एवं डीपीसी दिलीप व्यास शामिल रहे।
समिति ने पोस्ट मैट्रिक अनु. जाति कन्या छात्रावास, कॉलेज रोड छात्रावास, महाविद्यालय छात्रावास एवं पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रावास भेलियावास का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता, कमरों में सीलिंग फैन और समग्र साफ-सफाई की बारीकी से जांच की गई। कई व्यवस्थाओं में सुधार के लिए छात्रावास अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
भीषण गर्मी को देखते हुए समिति ने सभी छात्रावासों में पर्याप्त संख्या में कूलर लगाने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राओं को गर्मी से राहत मिल सके।
इस दौरान अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक और आवासीय समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।