ताजासमाचार

राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम के बाहर होटल और दुकानदारों का कब्जा, सड़क तक फैला अतिक्रमण बना परेशानी का कारण

डेस्क न्यूज़ 23 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर के राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम के बाहर नगर पालिका की जमीन पर बढ़ते अतिक्रमण ने अब आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासतौर पर होटल संचालकों द्वारा सड़क तक फैलाए गए कब्जों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

आरोप है कि क्षेत्र में संचालित कुछ होटल व्यवसायियों ने अपनी दुकानों के बाहर 10 से 15 फीट तक नगर पालिका की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। कहीं टीन शेड डालकर पक्का निर्माण कर लिया गया है तो कहीं सड़क किनारे काउंटर, कुर्सियां और अन्य सामान रखकर रास्ता घेर लिया गया है।

बताया जा रहा है कि होटल पराग टी और मनोहर टी सहित कई दुकानदारों ने सड़क किनारे और पेड़ों की छांव तक में ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था कर दी है। इतना ही नहीं, सड़क के दूसरी ओर जाली बांधकर भी कुर्सियां लगाई गई हैं, जहां दिनभर लोगों का जमावड़ा लगा रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि होटलों पर आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क किनारे खड़े रहने से दिनभर जाम जैसे हालात बनते हैं। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि इसी मार्ग पर पोस्ट ऑफिस, गर्ल्स स्कूल और गर्ल्स कॉलेज भी स्थित हैं। आने वाले दिनों में स्कूल और कॉलेज शुरू होने पर छात्राओं का आना-जाना बढ़ जाएगा। ऐसे में सड़क तक फैले होटल संचालकों के कब्जों और बाहर बैठे लोगों के कारण छात्राओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।

शाम के समय यहां हालात और भी ज्यादा खराब हो जाते हैं, जब सड़क का बड़ा हिस्सा होटल व्यवसायियों के कब्जे में नजर आता है।

बता दें कि हाल ही में नगर पालिका द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई थी। उस दौरान नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम क्षेत्र में भी कार्रवाई कर नोटिस जारी करने की बात कही थी। लेकिन तीन-चार दिन बीत जाने के बाद भी अब तक इस क्षेत्र में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं कि जब शहर के अन्य हिस्सों में अतिक्रमण हटाया जा रहा है, तो आखिर स्टेडियम रोड पर फैले इन अवैध कब्जों पर प्रशासन का बुलडोजर कब चलेगा?

Related Post