डेस्क न्यूज़
18 May, 2026
अन्य
नीमच। पावन पुरुषोत्तम ज्येष्ठ माह की शुक्ल प्रतिपदा के शुभ अवसर पर रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ सप्त दिवसीय संगीतमय शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। आयोजन श्री कृष्णा ब्लॉक गार्डन, न्यू इन्द्रानगर में किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
प्रातः 7 बजे कपिश्वर महादेव मंदिर एवं त्रयम्बकेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं, वहीं बैंड-बाजों, ढोल-ढमाकों और जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई इन्द्रानगर स्थित कृष्णा ब्लॉक गार्डन पहुंची, जहां विधिवत हवन-पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
सप्त दिवसीय शिव महापुराण कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पंडित राजेंद्र जी पुरोहित द्वारा किया जा रहा है, जो सांवलिया सेठ मंदिर के पुजारी हैं। कथा का प्रारंभ शिव महापुराण माहात्म्य से हुआ। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, भक्ति, धर्म और जीवन मूल्यों का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। संगीत की मधुर स्वर लहरियों के साथ प्रस्तुत कथा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्रदान कर रही है।
आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।
भोलेनाथ सेवा समिति के सदस्य अरुण श्रीवास्तव एवं नंदकिशोर खुन्तवाल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि कथा आयोजन प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न होगा तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की गई है।