डेस्क न्यूज़
15 May, 2026
अन्य
नीमच | जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर अब सियासत गरमा गई है। भीषण गर्मी और लगातार बिजली गुल होने से परेशान जनता की आवाज उठाते हुए शुक्रवार को कांग्रेस ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और अधीक्षण यंत्री जयपाल सिंह ठाकुर से मुलाकात कर जमकर नाराजगी जताई।
कांग्रेस नेताओं ने मेंटेनेंस के नाम पर घंटों की जा रही बिजली कटौती, अधिकारियों की लापरवाही और फोन तक रिसीव नहीं किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस बड़ा जनआंदोलन करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि नीमच शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रोजाना 4 से 5 घंटे तक बिजली काटी जा रही है। भीषण गर्मी में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच चुका है, ऐसे में बिना बिजली रहना लोगों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है।
उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के वक्त जनता याद आती है, लेकिन आमजन की परेशानी से किसी को कोई सरोकार नहीं है।
वहीं कांग्रेस नेता मुकेश कालरा ने शहर में लगातार ट्रांसफार्मर जलने पर सवाल उठाते हुए केबल की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मेंटेनेंस जरूरी है तो बिजली कटौती सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच की जाए, ताकि आम लोगों को कम परेशानी हो।
इधर अधीक्षण यंत्री जयपाल सिंह ठाकुर ने सफाई देते हुए कहा कि शहर में मेंटेनेंस कार्य चल रहा है, इसी कारण अस्थायी समस्या आ रही है, जिसका जल्द निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अत्यधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर प्रभावित हो रहे हैं, जबकि मौसम और आंधी-तूफान में पेड़ों के झुकने से भी सप्लाई बाधित होती है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जो समस्याएं रखी हैं, उन पर सुधार किया जाएगा।
अब सवाल यह है कि क्या बिजली विभाग जल्द राहत देगा या फिर नीमच में बिजली संकट को लेकर कांग्रेस का आंदोलन और तेज होगा…?