डेस्क न्यूज़
14 May, 2026
अन्य
नीमच | जिले की मध्यप्रदेश पुलिस को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बड़ी सफलता मिली है। राजेश व्यास के निर्देशन में मनासा थाना पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को तेलंगाना से सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में की गई।
बाजार जाने का कहकर निकली थी नाबालिग
पिपलियारावजी निवासी परिजन ने 23 अप्रैल 2026 को थाना मनासा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी वर्षा (परिवर्तित नाम) बाजार जाने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले में थाना मनासा पर अपराध क्रमांक 191/26 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। नाबालिग की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में रवाना किया गया।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
विवेचना के दौरान साइबर सेल की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग बालिका आरोपी के कब्जे में तेलंगाना के खम्मम क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी, लेकिन आरोपी बालिका को लेकर भाग निकला।
इसके बाद मनासा पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए मल्हारगढ़ क्षेत्र से आरोपी विजय नायक निवासी उचेड को गिरफ्तार कर नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब किया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, सउनि दिलीप कुमार, आरक्षक दशरथ जाटव एवं साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे सहित साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
“ऑपरेशन मुस्कान” के तहत मनासा पुलिस की इस कार्रवाई से एक परिवार को उनकी बेटी सुरक्षित वापस मिल सकी। जिला पुलिस नीमच द्वारा गुमशुदा और लापता बच्चों की तलाश के लिए लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।