डेस्क न्यूज़
04 May, 2026
अन्य
नीमच। इंदौर विधानसभा-3 के विधायक गोलू शुक्ला द्वारा आयोजित पांचवीं विशाल धार्मिक यात्रा शनिवार शाम नीमच पहुंची, जहां श्रद्धा और उत्साह के साथ इसका भव्य स्वागत किया गया। इंदौर से राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना हुई विशेष ट्रेन जैसे ही नीमच रेलवे स्टेशन पर पहुंची, पूरा परिसर “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और श्याम भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नीमच खाटू श्याम मंदिर के मुख्य पुजारी गोपाल शर्मा एवं नगरपालिका सभापति नीरज अहीर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने यात्रियों और विधायक गोलू शुक्ला का पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच स्टेशन परिसर पूरी तरह उत्सव में बदल गया।
स्वागत करने पहुंचे लोगों ने यात्रियों की सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र की खुशहाली और जनकल्याण की भावना से वे पिछले पांच वर्षों से इस धार्मिक यात्रा का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए उनके साथ रवाना हुए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह विशेष ट्रेन देर रात राजस्थान के रिंगस स्टेशन पहुंचेगी, जहां से श्रद्धालु पैदल और अन्य साधनों से खाटू श्याम जी के दरबार की ओर प्रस्थान करेंगे। सोमवार सुबह सभी श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा श्याम के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे यह यात्रा एक भव्य और यादगार धार्मिक आयोजन बन गई।