ताजासमाचार

नीमच में 3 मई को नीट परीक्षा: दो केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम, थ्री-लेयर सुरक्षा में होगी परीक्षा

डेस्क न्यूज़ 30 April, 2026 अन्य

नीमच। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 3 मई 2026 को जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शासकीय पीजी कॉलेज नीमच एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय नीमच स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था की गई है। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मचारियों द्वारा और पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष कर्मचारियों द्वारा की जाएगी। साथ ही मोबाइल एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री सुरक्षित रखने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश, पंखे और कूलर की व्यवस्था रहेगी, वहीं पेयजल और आपात स्थिति के लिए जनरेटर भी उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए अलग कुर्सी-टेबल की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।
सुरक्षा के लिहाज से थ्री-लेयर सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, लाइव सीसीटीवी निगरानी और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच शामिल है। कलेक्टर ने जाजू कॉलेज केंद्र पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related Post