डेस्क न्यूज़
29 April, 2026
अन्य
नीमच। नीमच की पावन धरती एक बार फिर सामाजिक समरसता, परंपरा और आधुनिक व्यवस्थाओं के सुंदर संगम की साक्षी बनी, जब 29 अप्रैल को निर्धन परिवारों की 31 बेटियों का निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किया गया। “सत्य सनातन सामूहिक विवाह सम्मेलन” के तहत हुए इस आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 31 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह माहेश्वरी भवन, वीर पार्क रोड से वर-वधू एवं परिजनों के आगमन के साथ हुई। स्वागत-सत्कार के दौरान पुष्पवर्षा कर नवयुगलों का अभिनंदन किया गया। इसके बाद निकली भव्य बिंदोली (शोभायात्रा) पूरे शहर के आकर्षण का केंद्र रही। बैंड-बाजों, सजे-धजे घोड़े-बग्गियों और आकर्षक रथ के साथ निकली यह शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होती हुई बघाना स्थित दादी धाम मंदिर परिसर पहुंची।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण सुसज्जित रथ पर विराजित रानी सती दादी की प्रतिमा रही, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जगह-जगह तोरणद्वार बनाकर बारात का स्वागत किया गया, जिससे पूरा शहर उत्सवमय माहौल में रंग गया।
मंदिर परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सभी वर-वधुओं का एक साथ वरमाला कार्यक्रम संपन्न हुआ। दोपहर में वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच विधिपूर्वक पाणिग्रहण संस्कार कराया गया और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। ठंडक के लिए जम्बो कूलर, फव्वारे और विशाल छायादार पंडाल लगाए गए, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली। भोजन प्रसादी की भी उत्कृष्ट व्यवस्था रही, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम को भावुक माहौल में नवदंपत्तियों की विदाई की गई। आयोजन समिति के समाजसेवियों ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज में फिजूलखर्ची पर रोक लगाना और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान करना है।
इस आयोजन में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित अनेक समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह भव्य आयोजन सामाजिक एकता, सहयोग और भारतीय संस्कृति की जीवंत मिसाल बनकर उभरा।