डेस्क न्यूज़
14 April, 2026
अन्य
नीमच। जिला सेन समाज संगठन द्वारा आराध्य संत संत श्री सेन जी महाराज की 726वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। दो दिवसीय इस महोत्सव में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
महोत्सव की शुरुआत पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ हुई। क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ बच्चों और महिलाओं के लिए कई रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे दिन उत्सव का माहौल बना रहा और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
दूसरे दिन सुबह श्री नारायणी माता मंदिर से भव्य वाहन रैली निकाली गई। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर निकली यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई स्कीम क्रमांक 36 स्थित सेन वाटिका पहुंची। रास्तेभर जगह-जगह समाजजनों ने रैली का स्वागत किया और माहौल भक्तिमय बना रहा।
इसके बाद महाप्रसादी सहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। दोपहर में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
समापन अवसर पर शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और संत श्री सेन जी महाराज के भजनों से वातावरण गूंज उठा।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश सेन और प्रवक्ता मनीष सेन ने बताया कि सेन समाज हर वर्ष अपने आराध्य संत की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाता है। इस प्रकार के आयोजन समाज की एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।