ताजासमाचार

हनुमान जन्मोत्सव पर नीमच में भव्य ध्वज यात्रा, डीजे-ढोल की धुनों पर झूमे श्रद्धालु

डेस्क न्यूज़ 31 March, 2026 अन्य

नीमच। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। विश्व हिन्दू परिषद द्वारा संचालित श्री गोधाम बालाजी मंदिर पर इस वर्ष भी चार दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन की शुरुआत सोमवार 30 मार्च को भव्य ध्वज यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ध्वज यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और अंत में श्री गोधाम बालाजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान डीजे, ढोल और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु भगवान हनुमान के जयकारों के साथ नाचते-गाते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

विहिप के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जन्मोत्सव पर विभिन्न धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। 31 मार्च को शाम 7:15 बजे मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रतापगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक नवीन वैष्णव अपनी प्रस्तुति देंगे।

इसके बाद 1 अप्रैल को रात्रि 2:00 बजे से सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ होगा। सुबह 9:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान बालाजी का अभिषेक किया जाएगा तथा दोपहर 12:15 बजे अष्टोत्तर श्रीराम रक्षा स्तोत्र यज्ञ का आयोजन होगा।

कार्यक्रम के अंतिम दिन 2 अप्रैल को प्रातः 6:00 बजे जन्म महाआरती से शुरुआत होगी। इसके पश्चात 7:00 बजे सप्तकुंडी यज्ञ और शाम 7:00 बजे महाआरती के बाद 71 किलो मिल्क केक और बूंदी के लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी। रात्रि 8:15 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।

इस प्रकार चार दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से पूरे शहर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का वातावरण बना हुआ है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।

Related Post