डेस्क न्यूज़
30 March, 2026
अन्य
नीमच। जिले में बढ़ती जनसमस्याओं और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में आम जनता, किसानों और मजदूर वर्ग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने बिजली बिलों में बढ़ोतरी को वापस लेने, गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने और आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा सहकारी समितियों में किसानों को राहत देने और हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की बात भी प्रमुखता से रखी गई। मनासा क्षेत्र के खिमला औद्योगिक प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की बात कही गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आमजन और किसान वर्ग परेशान है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से समस्याओं का त्वरित समाधान करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा सांभर, बृजेश मित्तल, गजेंद्र यादव, मुकेश कालरा, पूर्व पार्षद हारून रशीद, योगेश प्रजापति, मोनू लोक्स सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।