न्यूज डेस्क
28 March, 2026
अन्य
नीमच। कैंट थाना क्षेत्र के कनावटी स्थित मेडिकल कॉलेज के समीप निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज भवन में कार्यरत एक मजदूर युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सलमान पिता जाकिर आलम (उम्र 18 वर्ष), निवासी बिहार के रूप में हुई है, जो यहां मजदूरी का काम करने आया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलमान निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज में लेंटर और सरिया बांधने का कार्य करता था तथा पास ही एक किराए के कमरे में रह रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे वह अपने कमरे पर गया था। इसी दौरान अज्ञात कारणों के चलते उसने फांसी लगा ली।
कुछ समय बाद उसके परिजनों के परिचित द्वारा पानी लेने के लिए कमरे पर भेजे गए व्यक्ति ने जब दरवाजा खोला तो सलमान को फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शनिवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।