न्यूज डेस्क
26 March, 2026
अन्य
कुकड़ेश्वर। मध्यप्रदेश शासन द्वारा जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कुकड़ेश्वर नगर परिषद में बुधवार को अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 19 मार्च से 30 जून तक संचालित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं परियोजना अधिकारी पराग जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा, नायब तहसीलदार नवीन छलोत्रे, अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र पटवा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल सिंह परमार सहित जनप्रतिनिधि एवं पार्षदगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के तहत सहस्त्रमुखेश्वर महादेव तालाब पर मां गंगा की पूजा-अर्चना कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान पार्षदगण, जनप्रतिनिधियों एवं नगर परिषद कर्मचारियों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया।
अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के जल स्रोतों का संरक्षण, साफ-सफाई एवं संवर्धन करते हुए लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में सभी की सहभागिता से जल बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए संसाधन सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।