डेस्क न्यूज
13 March, 2026
अन्य
नीमच। शहर में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ कैंट थाने में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में गैस सिलेंडर की उपलब्धता और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित गैस एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया कि नीमच जिले में गैस सिलेंडर की किसी प्रकार की कमी नहीं है। जो खबरें चल रही हैं, वे केवल अफवाह हैं। उन्होंने बताया कि गैस बुकिंग की प्रक्रिया दिल्ली स्तर से संचालित होती है और कई बार सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग में दिक्कत आ जाती है, जिससे लोगों को लगता है कि सिलेंडर की कमी है। जबकि वास्तव में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।
थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और बुकिंग होते ही समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही किसी भी गैस एजेंसी कार्यालय पर विवाद या हंगामे की स्थिति बनने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए कहा, ताकि पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल सके।
पुलिस और गैस एजेंसी संचालकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता होने पर ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराएं।
बैठक में श्याम गैस एजेंसी के संचालक श्याम नरेडी, श्री भैरवनाथ इंडेन गैस एजेंसी के संचालक प्रकाश जैन तथा श्री सांवरिया गैस एजेंसी के संचालक यश बंसल मौजूद रहे।