डेस्क न्यूज
09 March, 2026
अन्य
नीमच। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नया जीवन फाउंडेशन द्वारा महिलाओं के अधिकारों एवं जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम सगरग्राम, हार्डी पिपलिया और चड़ोली में बाछड़ा समुदाय की महिलाओं एवं युवतियों के बीच आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, महिला सशक्तिकरण तथा “मेरी पहचान – मेरा संविधान” विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। संस्था के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को बताया कि समाज में समान अधिकार प्राप्त करने के लिए जागरूक होना बेहद आवश्यक है।
इस अवसर पर नया जीवन फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र चौहान ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की हर चुनौती से लड़ने के लिए शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा कि समुदाय में बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि वे शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बन सकें और समाज व देश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा बेटियों को शिक्षा दिलाने के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया। संस्था द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के रोशन सिंगवत, देवकन्या मालवीय और शमील चौहान सहित समुदाय की कई महिलाएं एवं युवतियां उपस्थित रहीं।