ताजासमाचार

जन्मदिन पर सेवा की मिसाल… वनांचल में 56 युवाओं ने किया रक्तदान, भाजपा नेता ने रक्त से लिखा ‘भारत’

द वॉचमेन पोस्ट 09 March, 2026 अन्य

नीमच। जीरन तहसील के दूरस्थ वनवासी क्षेत्र ग्राम चैनपुरा डैम में सेवा, मानवता और राष्ट्रप्रेम की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोहर रावत के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जरूरतमंदों के लिए रक्तदान किया।

शिविर में कुल 56 युवाओं ने रक्तदान किया, जिनमें से 45 युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज सेवा की इस पहल में भागीदारी निभाई। वनवासी क्षेत्र होने के बावजूद युवाओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह रही कि रक्तदान करने के बाद मनोहर रावत ने अपने ही रक्त से “भारत” लिखकर विश्व शांति, मानवता और अहिंसा का संदेश दिया। इस प्रतीकात्मक पहल ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और सभी ने इसे सेवा और राष्ट्रप्रेम की अनूठी अभिव्यक्ति बताया।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भाटी, दक्षिण मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर तथा महामंत्री दिलीप सिंह चौहान सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं के इस उत्साह की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस रक्तदान शिविर को सफल बनाने में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के ब्लड बैंक प्रभारी सत्येंद्र सिंह पतलासी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय भारती तथा उप-स्वास्थ्य केंद्र चैनपुरा डैम के स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर मनोहर रावत ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों पर फिजूलखर्ची करने के बजाय समाज के लिए उपयोगी कार्य करना ही सच्चे अर्थों में उत्सव मनाना है। उन्होंने कहा कि वनांचल के युवाओं को सेवा और जागरूकता के लिए प्रेरित करना उनका मुख्य उद्देश्य है।

Related Post