ताजासमाचार

नीमच में सांस्कृतिक छटा: दो दिवसीय 'कृति उत्सव-2026' नृत्य महोत्सव का आयोजन

न्यूज डेस्क 05 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर के सांस्कृतिक क्षितिज पर चमकने वाली संस्था 'कृति' द्वारा आगामी 7 और 8 मार्च 2026 को भव्य नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। टाउन हॉल के प्रांगण में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय समागम में प्रदेश के विख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहेंगे।

लोक नृत्य और शास्त्रीय कला का संगम
आयोजन के पहले दिन, 7 मार्च (शनिवार) को खंडवा के अनुजा उपाध्याय ग्रुप द्वारा मनमोहक लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, दूसरे दिन 8 मार्च (रविवार) को भोपाल के प्रसिद्ध कलांजलि ग्रुप द्वारा भरतनाट्यम की शास्त्रीय प्रस्तुति होगी, जो दर्शकों को आध्यात्मिकता और कला के अनूठे संगम से रूबरू कराएगी।

उक्त कार्यक्रम स्थानीय टाउन हॉल, नीमच में प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से प्रारम्भ होगा। जिसमें  सभी कला प्रेमियों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।

तैयारियां जोरों पर
संस्था 'कृति', जिसकी स्थापना 2 अक्टूबर 1992 को हुई थी, लंबे समय से साहित्य और संस्कृति के संरक्षण में जुटी है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कृति परिवार के अध्यक्ष डॉ. अक्षय राजपुरोहित, सचिव कमलेश जायसवाल और कोषाध्यक्ष राजेश जायसवाल सहित पूरी टीम सक्रिय है। कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु 7 मार्च के लिए इंजी. बाबूलाल गौड़ व श्याम टांकवाल और 8 मार्च के लिए सत्येन्द्रसिंह राठौड़ व सविता चौधरी को संयोजक नियुक्त किया गया है।

कृति परिवार ने शहर के सभी कला और संस्कृति प्रेमियों को सपरिवार इस महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।

Related Post