डेस्क न्यूज
24 February, 2026
अन्य
नीमच। मध्यप्रदेश इलेक्ट्रिसिटी एम्पलाइज यूनियन शाखा नीमच ने आउटसोर्स विद्युत कर्मियों के नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और दुर्घटना बीमा राशि बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।
ज्ञापन में विधानसभा में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा दिए गए उस बयान पर आपत्ति जताई गई, जिसमें आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण की कोई योजना नहीं होने की बात कही गई थी। यूनियन पदाधिकारी शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि चुनाव पूर्व घोषणा पत्र में आउटसोर्स कर्मियों को नियमित करने और केंद्र सरकार के समान वेतनमान देने का वादा किया गया था, इसलिए सरकार को अब अपने वादे पर अमल करना चाहिए।
यूनियन का आरोप है कि विद्युत कर्मी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, लेकिन उन्हें न तो स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं मिल रही हैं और न ही पर्याप्त वेतन। कई कर्मियों को न्यूनतम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है, जिससे परिवार का भरण-पोषण कठिन हो गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर चार लाख रुपये के दुर्घटना बीमा का प्रावधान है, लेकिन जिले में कई प्रभावित परिवारों को अब तक सहायता राशि नहीं मिली। इसे लेकर कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है।
यूनियन ने मांग की है कि प्रदेश के सभी आउटसोर्स विद्युत कर्मियों का नियमितीकरण किया जाए, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह तय किया जाए और दुर्घटना बीमा बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया जाए। मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी गई है।