डेस्क न्यूज
13 February, 2026
अन्य
मंदसौर | अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर जिले के दो थाना प्रभारियों को सम्मानित किए जाने का आदेश जारी हुआ है। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी आदेश में सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति एवं सुवासरा थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान अजाक (अनुसूचित जाति/जनजाति) प्रकरणों में चालान प्रस्तुत करने, लंबित मामलों के निराकरण तथा राहत प्रकरणों के प्रभावी क्रियान्वयन में विशेष रुचि लेकर उल्लेखनीय कार्य किया गया। दोनों अधिकारियों ने प्रकरणों के समयबद्ध निपटारे और न्यायालयीन प्रक्रिया को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाई।
सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति द्वारा वर्ष 2025 में दर्ज प्रकरणों के प्रभावी निराकरण एवं चालान पेश करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, वहीं सुवासरा थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी ने भी लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाते हुए राहत प्रकरणों के क्रियान्वयन में सराहनीय कार्य किया।
उत्कृष्ट सेवा के लिए दोनों अधिकारियों को डीजीपी कार्यालय द्वारा नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस महकमे में इस निर्णय को बेहतर कार्य संस्कृति और जिम्मेदार पुलिसिंग को बढ़ावा देने वाला कदम माना जा रहा है