ताजासमाचार

पीजी कॉलेज नीमच में केंद्रीय बजट 2026 पर युवा संवाद, विकास, शिक्षा और युवाओं के अवसरों पर मंथन

डेस्क न्यूज 09 February, 2026 अन्य

नीमच | स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), नीमच में सोमवार को केंद्रीय बजट 2026 को लेकर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बजट के प्रमुख प्रावधानों, विकास की दिशा और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों से अवगत कराना रहा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, कर विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने बजट के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

मुख्य वक्ता विधायक दिलीप सिंह परिहार ने केंद्रीय बजट 2026 को विकासोन्मुख बताते हुए कहा कि यह बजट शिक्षा, रोजगार, आधारभूत संरचना और युवाओं के कौशल विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम करना है।

भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने बजट के सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बजट में समाज के सभी वर्गों के संतुलित विकास का प्रयास किया गया है, जिससे आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलेगा।

भाजपा उपाध्यक्ष एवं कर सलाहकार निलेश पाटीदार ने सरल उदाहरणों के माध्यम से बजट में शामिल कर प्रावधानों और आर्थिक नीतियों को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को कर प्रणाली की बुनियादी जानकारी देते हुए इसके व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रभावती भावसार ने शिक्षा क्षेत्र से जुड़े बजटीय प्रावधानों को रेखांकित करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा, शोध और कौशल विकास के लिए किए गए प्रावधान विद्यार्थियों के भविष्य को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में प्रोफेसर आर.सी. जैन एवं डॉ. संजय जोशी ने बजट की बारीकियों का विश्लेषण करते हुए विद्यार्थियों को उपयोगी और व्यावहारिक जानकारी दी। स्वागत भाषण विश्व देव शर्मा ने दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर सी.पी. पंवार ने किया।

कार्यक्रम के अंत में एनसीसी सीनियर अंडर ऑफिसर पूजा प्रजापत को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रशंसा पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि पूजा प्रजापत ने हाल ही में गणतंत्र दिवस समारोह में दिल्ली के राजपथ पर गार्ड ऑफ ऑनर में शामिल होकर जिले का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव, मोहन राणावत, महाविद्यालय स्टाफ, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Post