डेस्क न्यूज
07 February, 2026
अन्य
नीमच। ग्वालटोली क्षेत्र में शासकीय माध्यमिक विद्यालय के पीछे स्थित सार्वजनिक श्री मस्त बजरंग बालाजी मंदिर का पंचम पाटोत्सव (स्थापना दिवस) दो दिवसीय धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जा रहा है। मंदिर समिति के तत्वावधान में शनिवार और रविवार को आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।
मंदिर समिति के प्रमुख सदस्य राकेश पंडित (लेब) ने बताया कि पाटोत्सव का शुभारंभ शनिवार को प्रातः विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया गया। इस दौरान हवन, अभिषेक एवं श्री बालाजी का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात सुबह 11:30 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, ध्वज-पताकाओं के साथ श्री बालाजी की सुसज्जित झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा ने क्षेत्र का भ्रमण करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सायं 6 बजे से आयोजित संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। इस अवसर पर हर्षवर्धन शर्मा (मंदसौर) एवं कमलेशजी महाराज एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत भजनों ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
रविवार को स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है तथा श्री मस्त बजरंग बालाजी की प्रतिमा का मनोहारी श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभालते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा।